पेटीएम की प्रमोटर कंपनी बनाएगी सलाहकार समिति
मुंबई । पेटीएम की प्रवर्तक कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस के निदेशक मंडल ने कंपनी में कारोबारी प्रशासन को और भी बेहतर एवं मजबूत करने के लिए एक सलाहकार समिति गठित करने का फैसला किया है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंजों को बताया कि तीन सदस्यों की इस समिति की अध्यक्षता भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन रह चुके एम दामोदरन करेंगे। हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कहा था कि उसने भी पेटीएम पेमेट्स बैंक द्वारा लगातार नियमों का अनुपालन नहीं किए जाने के कारण कार्रवाई की है और उसमें पेटीएम ऐप का कोई दोष नहीं है। कंपनी ने बताया कि सलाहकार समिति अनुपालन तथा नियामकीय व्यवस्था मजबूत करने के लिए वन97 कम्युनिकेशंस के निदेशक मंडल के साथ मिलकर काम करेगी। समिति में भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) के पूर्व अध्यक्ष मुकुंद चितले और आन्ध्रा बैंक के पूर्व चेयरमैन और प्रबंध निदेशक तथा केंद्रीय सतर्कता आयोग के सलाहकार बोर्ड के सदस्य रामचंद्रन राजारामन भी हैं। जरूरत पड़ने पर समिति में और सदस्य भी लिए जाएंगे। वन97 कम्युनिकेशंस ने कहा कि कंपनी प्रबंधन नियामकीय और अनुपालन व्यवस्था का पालन करते हुए कारोबार की लगातार वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने यह कदम पेटीएम पेमेंट्स बैंक को 1 मार्च से जमा-भुगतान समेत ज्यादातर कामकाज से रोकने के आरबीआई के आदेश के बाद उठाया है। एक खबर के मुताबिक पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने बाहरी ऑडिटरों को नियुक्त करने के लिए आशय पत्र (आरएफपी) जारी किया है। ये ऑडिटर कंपनी की अनुपालन प्रक्रिया की जांच करेंगे। सूत्रों के मुताबिक नोडल खातों की साझेदारी के लिए पेटीएम और बैंकों के बीच बातचीत जल्द ही पूरी होने वाली है। मगर इन खातों का जिम्मा संभालने के लिए आगे आने वाले बैंकों के नाम अभी पता नहीं चले हैं।

धमतरी की स्वर्णिम कृषि यात्रा : आत्मनिर्भरता और समृद्धि के 25 वर्ष
कारखानों में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य जाँच में नहीं चलेगी मनमानी, श्रम मंत्री देवांगन ने दिए कड़े निर्देश
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा है जागरूकता कार्यक्रम
बाढ़ में बही पुस्तकें, टेबलेट भी हुआ खराब, पर नहीं रुकेगी पूनम की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : महिला एवं बाल विकास सचिव शम्मी आबिदी
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की