भोपाल रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ – रेलवे प्रशासन का सतत कुशल प्रबंधन
कुबरेश्वर धाम से लौटे श्रद्धालुओं से स्टेशन पर बना अभूतपूर्व दृश्य, 60 से अधिक ट्रेनों का सुचारु संचालन, वरिष्ठ अधिकारियों की तत्परता से टली अफरा-तफरी
भोपाल, 08 अगस्त। श्रावण मास की अंतिम कांवड़ यात्रा के उपलक्ष्य में कुबरेश्वर धाम, सीहोर से लौटने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब 06 अगस्त 2025 की शाम से भोपाल रेलवे स्टेशन पर उमड़ना प्रारंभ हुआ, जो 07 अगस्त की रात तक जारी रहा। इस लगातार भीड़ के दबाव को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया के नेतृत्व में रेलवे प्रशासन ने विशेष एक्शन प्लान लागू कर भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की।
कण्ट्रोल रूम से सूचना मिलते ही शाम के समय वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कटारिया, मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वय) श्री श्याम सिंह बरेड़िया एवं श्री पंकज कुमार दुबे, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री नवल अग्रवाल तथा रेल सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत भोपाल स्टेशन पहुंचे। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों की स्थिति का आकलन कर भीड़ नियंत्रण की रणनीति बनाई और उसे तुरंत लागू किया गया।
इन दो दिनों में मिलाकर लगभग डेढ़ लाख से अधिक यात्रियों की आवक रही। सभी प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और प्रतीक्षालय पूर्ण क्षमता तक भर गए, फिर भी अप एवं डाउन दिशा में कुल 60 से अधिक यात्री ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सुचारु रहा। अधिकांश ट्रेनें दिल्ली दिशा की ओर थीं और अधिकांश यात्री भी इसी दिशा में यात्रा कर रहे थे।
यात्रियों के प्रवेश और निकास को व्यवस्थित रखने हेतु विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से लगातार घोषणाएं होती रहीं और कोच गाइडेंस सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को कोच की स्थिति की सटीक जानकारी दी गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया स्वयं प्लेटफॉर्म पर माइक से यात्रियों को मार्गदर्शन देते रहे, जिससे किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी नहीं हुई।
आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम ने रातभर समन्वित रूप से कार्य करते हुए भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधा सुनिश्चित की। प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे तक अधिकारीगण स्टेशन पर उपस्थित रहकर पूरी स्थिति पर नियंत्रण बनाए रहे।
रेलवे प्रशासन ने इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति को सतर्कता, तत्परता और सुविचारित रणनीति के साथ संभालते हुए यात्रियों की सुरक्षा एवं ट्रेनों के संचालन को पूर्णतः सुचारु बनाए रखा। भविष्य में भी यात्री सुविधा और सुरक्षा हेतु हर संभव प्रयास जारी रहेंगे तथा किसी भी आपात स्थिति में रेलवे तत्परता से सहायता प्रदान करेगा।

धमतरी की स्वर्णिम कृषि यात्रा : आत्मनिर्भरता और समृद्धि के 25 वर्ष
कारखानों में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य जाँच में नहीं चलेगी मनमानी, श्रम मंत्री देवांगन ने दिए कड़े निर्देश
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा है जागरूकता कार्यक्रम
बाढ़ में बही पुस्तकें, टेबलेट भी हुआ खराब, पर नहीं रुकेगी पूनम की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : महिला एवं बाल विकास सचिव शम्मी आबिदी
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की