DSP के बाद ASP की बैटिंग ने मचाया तहलका, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
नई दिल्ली : ओवल टेस्ट में आपने तेलंगाना के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस यानी DSP सिराज की धार और रफ्तार देखी. फिर उससे जो चमत्कार हुआ वो भी देखा. मगर इंग्लैंड को हार सिर्फ DSP साहेब की मार से ही नहीं मिली है. बल्कि, उस पर ‘ASP’ का भी कड़क हाथ पड़ा है. अब आप सोच रहे होंगे कि DSP के बाद ये ‘ASP’ कौन आ गया? इसका मतलब एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस से नहीं बल्कि टीम इंडिया के त्रिदेव से है. उन तीन से है, जिन्होंने ओवल की पिच पर इंग्लैंड के 20 विकेट उखाड़कर भारत की जीत का डंका पीटा है. ‘ASP’ से मतलब आकाश दीप, सिराज और प्रसिद्ध से है.
आकाश दीप की 66 रन की पारी
ओवल टेस्ट में आकाश दीप सिराज और प्रसिद्ध की तरह गेंद से उतने सफल नहीं हुए. मगर, दूसरी पारी में उनके बनाए 66 रनों को भला कौन भूल सकता है? कप्तान शुभमन गिल ने तो उन 66 रनों की तुलना शतक से की है. उन्होंने कहा है कि नाइट वॉचमैन के तौर पर आकाश दीप के बनाए वो रन हमारे लिए किसी बल्लेबाज के बनाए शतक की तरह हैं. चौथे नंबर पर उतरकर आकाश दीप ने सिर्फ 66 रन बनाए नहीं बल्कि यशस्वी जायसवाल के साथ तीसरे विकेट के लिए 107 रन भी जोड़े थे. ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में 66 रन बनाकर आकाश दीप दूसरे टॉप स्कोरर रहे. उनके इस योगदान ने भारत को इंग्लैंड के सामने 374 रन की चुनौती रखने में बड़ी मदद की.
सिराज के 9 विकेट, तेलंगाना पुलिस ने किया DSP को सलाम
सिराज के बारे में जितना कहा जाए कम है. वो एक फाइटर की तरह लड़े. लंबे-लंबे स्पेल डाले. तब तक दम नहीं लिया, जब तक ओवल टेस्ट खत्म नहीं हो गया. इंग्लैंड की ताबूत में भारत की जीत पर मुहर लगाने वाला आखिरी कील उन्होंने ही ठोका. सिराज ने ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के 9 विकेट अकेले उखाड़े. पहली पारी में उन्होंने 16.2 ओवर में 86 रन देकर 4 विकेट लिए. वहीं दूसरी पारी में 30.1 ओवर में 104 रन देकर 5 विकेट चटकाए. मैच में गेंद से बरपाए इस कहर का सिराज को इनाम भी मिला. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
सिराज सिर्फ नाम के ही नहीं बल्कि असली DSP भी हैं. वो तेलंगाना पुलिस में DSP हैं, जिसने ओवल टेस्ट में उनके कमाल के प्रदर्शन को सलाम किया है.
प्रसिद्ध कृष्णा ने ओवल टेस्ट में उखाड़े 8 विकेट
प्रसिद्ध कृष्णा के बिना तो ASP के इंग्लैंड पर किए प्रहार की बात ही अधूरी है. गेंद से सिराज को अगर किसी का बढ़िया साथ मिला है तो वो प्रसिद्ध ही हैं. ओवल टेस्ट में सिराज ने अगर 9 विकेट चटकाए तो प्रसिद्ध ने भी 8 विकेट झटके हैं. उन्होंने पहली पारी में 16 ओवर में 62 रन देकर 4 विकेट लिए. जबकि, दूसरी पारी में 27 ओवर में 126 रन देकर 4 विकेट झटके हैं. वैसे तो हर विकेट महत्वपूर्ण था मगर दूसरी पारी में शतकवीर जो रूट का शिकार कर प्रसिद्ध कृष्णा ने ओवल टेस्ट में भारत की जीत में अपना सबसे बड़ा किरदार निभाया.

धमतरी की स्वर्णिम कृषि यात्रा : आत्मनिर्भरता और समृद्धि के 25 वर्ष
कारखानों में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य जाँच में नहीं चलेगी मनमानी, श्रम मंत्री देवांगन ने दिए कड़े निर्देश
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा है जागरूकता कार्यक्रम
बाढ़ में बही पुस्तकें, टेबलेट भी हुआ खराब, पर नहीं रुकेगी पूनम की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : महिला एवं बाल विकास सचिव शम्मी आबिदी
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की