मॉनसून सत्र का पहला दिन विवादों से घिरा विपक्ष का तीखा प्रहार ,DAP की कीमतों पर भूपेश बघेल का हमला: 1300 की खाद 2100 में क्यों?
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मॉनसून सत्र सोमवार, 14 जुलाई से प्रारंभ हुआ, लेकिन पहले ही दिन सरकार को विपक्ष के तीखे सवालों और विरोध का सामना करना पड़ा। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रदेश में DAP खाद की भारी कमी और राजस्व निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2024 में गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया और बाद में वॉकआउट कर दिया।
खाद की कीमतों पर भूपेश बघेल का हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में जानबूझकर धान उत्पादन कम करने की रणनीति के तहत किसानों को खाद की आपूर्ति सीमित की जा रही है। उन्होंने कहा, "1300 रुपये की DAP खाद छत्तीसगढ़ में 2100 रुपये में बेची जा रही है। यह सरकार की सरपरस्ती में हो रहा है।"
उन्होंने कालाबाजारी और अमानक बीजों की खुले बाजार में बिक्री को लेकर भी चिंता जताई और राज्य सरकार पर आंख मूंदने का आरोप लगाया।
सीएम विष्णु देव साय ने दी सफाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सदन में स्वीकार किया कि खाद की कमी का संकट सामने आया है, लेकिन इसके समाधान के प्रयास चल रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में 1,79,000 बॉटल नैनो DAP भंडारित की गई हैं और NPK, SSP जैसे अन्य विकल्पों की भी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
राजस्व निरीक्षक भर्ती विवाद: विपक्ष ने की CBI जांच की मांग
प्रश्नकाल के दौरान राजस्व निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2024 में अनियमितताओं का मुद्दा उठा। बीजेपी विधायक राजेश मूढ़त ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए, लेकिन विपक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि परीक्षा तो 2024 में हुई, जब प्रदेश में बीजेपी की ही सरकार थी। भूपेश बघेल ने मामले में CBI जांच की मांग की। इसके बाद विपक्ष ने सत्तापक्ष पर भ्रष्टाचारियों को बचाने का आरोप लगाया और भारी शोर-शराबे के बाद वॉकआउट कर दिया।
सरकार का जवाब: जांच जारी है
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने सदन में बताया कि परीक्षा में गड़बड़ी की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट में अनियमितता पाई गई है और अब मामले की EOW (आर्थिक अपराध शाखा) से 40 बिंदुओं के आधार पर जांच कराई जा रही है। मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगले सत्र से पहले दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित

धमतरी की स्वर्णिम कृषि यात्रा : आत्मनिर्भरता और समृद्धि के 25 वर्ष
कारखानों में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य जाँच में नहीं चलेगी मनमानी, श्रम मंत्री देवांगन ने दिए कड़े निर्देश
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा है जागरूकता कार्यक्रम
बाढ़ में बही पुस्तकें, टेबलेट भी हुआ खराब, पर नहीं रुकेगी पूनम की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : महिला एवं बाल विकास सचिव शम्मी आबिदी
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की