बांधवगढ़, कान्हा के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, टाइगर सफारी का मजा होगा दोगुना
भोपाल: मध्य प्रदेश के धार्मिक नगरों के बाद अब वन्य क्षेत्रों तक सीधे हवाई सफर करना आसान होने जा रहा है. देश-विदेश से आने वाले पर्यटक मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व सहित दूसरे वन्य क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर की मदद से पहुंच पाएंगे. मध्य प्रदेश में पर्यटन को सुविधाजनक बनाने राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख टाइगर रिजर्व को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने जा रही है. इसके लिए पर्यटन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री के मुताबिक प्रदेश के प्रमुख स्थलों को हेलीकॉप्टर से जोड़े जाने के बाद पर्यटकों की राह और आसान होगी.
हेलीकॉप्टर से पहुंचे टाइगर रिजर्व
देश के सबसे ज्यादा वन क्षेत्र वाले मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थल टूरिस्टों को खूब पसंद आ रहे हैं. साल 2024 में मध्य प्रदेश में 13 करोड़ 41 लाख पर्यटक प्रदेश के टूरिस्ट स्पॉट्स पर पहुंचे हैं. इसमें सबसे ज्यादा पर्यटक मध्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर पहुंचे. इसके अलावा मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे.
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में ही 29 हजार 192 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद उठाया. इसके अलावा कान्हा टाइगर रिजर्व में 19 हजार 148, पन्ना टाइगर रिजर्व में 12 हजार 762 और पेंच टाइगर रिजर्व में 11 हजार 272 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद उठाया. देशी पर्यटकों के अलावा विदेशी पर्यटकों की संख्या भी मध्य प्रदेश में बढ़ी है. मध्य प्रदेश के ओरछा, ग्वालियर, खजुराहो में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक पहुंचे. पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार अब पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए हवाई रास्ता भी खोलने जा रही है.
बांधवगढ़, कान्हा की हवाई यात्रा
राज्य सरकार इसके तहत अब देश के जाने-माने टाइगर रिजर्व बांधवगढ़, कान्हा को हेलीकॉप्टर सुविधा से जोड़ने जा रही है. इसके लिए पर्यटन विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसमें प्रदेश के जबलपुर, बांधवगढ़, कान्हा, पेंच को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा. इसके लिए 3 अलग-अलग सेक्टर में हेलीकॉप्टर सेवा को बांटा जा रहा है.
- सेक्टर नंबर -1 में मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, भोपाल, मांडू, महेश्वर, बुरहानपुर को शामिल किया गया.
- सेक्टर नंबर -2 में प्रदेश के भोपाल, मढ़ई, पचमढ़ी, सांची, इंदौर, दतिया को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा.
- सेक्टर नंबर -3 में मध्य प्रदेश के जबलपुर, बांधवगढ़, कान्हा, खजुराहो, पेंच, डिंडोरी, रीवा और अमरकंटक को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जाएगा.
उत्तराखंड की तर्ज पर होगा काम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुताबिक "उत्तराखंड की तर्ज पर मध्य प्रदेश के धार्मिक पर्यटन के अलावा वन्य क्षेत्रों को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जा रहा है. इससे पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी."
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला के मुताबिक "प्रदेश के धार्मिक स्थलों के अलावा टाइगर रिजर्व को भी हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जा रहा है ताकि पर्यटक इन स्थानों तक आसानी से पहुंच सकें. प्रदेश में विदेश पर्यटकों की संख्या भी बढ़ी है. हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने के बाद विदेशी पर्यटक दूसरे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पहुंचेंगे."

धमतरी की स्वर्णिम कृषि यात्रा : आत्मनिर्भरता और समृद्धि के 25 वर्ष
कारखानों में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य जाँच में नहीं चलेगी मनमानी, श्रम मंत्री देवांगन ने दिए कड़े निर्देश
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा है जागरूकता कार्यक्रम
बाढ़ में बही पुस्तकें, टेबलेट भी हुआ खराब, पर नहीं रुकेगी पूनम की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : महिला एवं बाल विकास सचिव शम्मी आबिदी
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की