अहमदाबाद प्लेन क्रैश का मध्य प्रदेश पर असर: CM मोहन यादव ने रद्द किए जबलपुर-इंदौर के दौरे
Air India Plane Crash : अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट क्रैश की ह्रदय विदारक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है. पड़ोसी राज्य गुजरात में हुई इस भीषण विमान दुर्घटना से मध्य प्रदेश भी गम में डूब गया है. देश के साथ पूरे प्रदेशवासी इस विमान दुर्घटना से स्तब्ध हैं, और अब मृतकों की आत्मा की शांति के साथ परिजनों को इस घोर वेदना के लिए सहनशक्ति प्रदान करने ईश्वर से कामना कर रहे हैं. बता दें कि अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश में प्लेन में सवार 242 और बिल्डिंग और सड़क पर मौजूद लोगों को मिलाकर कुल 265 लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है. इस घटना से स्तब्ध मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अपने सारे कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं.
अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद मोहन यादव के सारे कार्यक्रम निरस्त
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अहमदाबाद विमान हादसे के लेकर कहा, '' अहमदाबाद विमान दुर्घटना में हुई यात्रियों की मृत्यु से पूरा देश शोक में डूबा हुआ है. कल, 13 जून को जबलपुर और इंदौर में आयोजित कार्यक्रम स्थगित कर रहा हूं. दुर्घटना में अपनों को खोने वाले परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. अहमदाबाद में घटित विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व सीएम व भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य श्री विजय रूपाणी जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक है. उन्हें भी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.
गुजरात के विकास, जनसेवा और लोककल्याण के लिए उनका प्रतिपल समर्पित रहा. परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति दें.''
अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर बोले कमलनाथ
अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विमान दुर्घटना का वायरल वीडियो शेयर करते हुए कहा, '' गुजरात के अहमदाबाद में अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ. मैं ईश्वर से विमान में सवार सभी लोगों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.''
मध्य प्रदेश बीजेपी- कांग्रेस ने सभी कार्यक्रम किए निरस्त
अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद मध्य प्रदेश बीजेपी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया, '' अहमदाबाद विमान हादसे के कारण आज आयोजित होने वाले भाजपा के सभी संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त किए गए हैं.'' कांग्रेस ने भी अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं.
ये अत्यंत पीड़ादायक घटना : वीडी शर्मा
मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, '' अहमदाबाद में भीषण विमान हादसे में यात्रियों के हताहत होने की दु:खद घटना अत्यंत पीड़ादायक है. राहत एवं बचाव की टीम मौके पर तत्परता से जुटी है. शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं हैं. ईश्वर से इस हृदय विदारक दुर्घटना में घायल यात्रियों की सकुशलता की प्रार्थना करता हूं.'' उन्होंने आगे कहा, '' अहमदाबाद में हुई भयावह विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय रूपाणी जी का भी निधन अत्यंत दु:खद है. शोकमय परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें. ऊँ शांति:''
ये घटना व्यथित करने वाली : जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, '' अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान की दुर्घटना से हम सभी अत्यंत स्तब्ध और व्यथित हैं. जो दृश्य सामने आए हैं, वे हृदय विदारक हैं. पूरा देश सभी यात्रियों की कुशलता और सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है. इस हृदयविदारक घटना को ध्यान में रखते हुए, मध्यप्रदेश में आज आयोजित मप्र कांग्रेस के सभी संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त किए जाते हैं.''
मन व्यथित है, मैं निशब्द हूं : प्रहलाद पटेल
अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद पटेल ने कहा, '' अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है. मन बहुत व्यथित है, नि:शब्द हूं. ईश्वर सभी को संबल प्रदान करे.''
घटना से अत्यंत स्तब्ध हूं : उमंग सिंघार
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, '' अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान की दुर्घटना से हम सभी अत्यंत स्तब्ध और व्यथित हैं. जो दृश्य सामने आए हैं, वे हृदय विदारक हैं. पूरा देश सभी यात्रियों की कुशलता और सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है. इस हृदयविदारक घटना को ध्यान में रखते हुए, मध्यप्रदेश में आज आयोजित मप्र कांग्रेस के सभी संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त किए जाते हैं.''
विजय रूपाणी को लेकर भावुक हुए कैलाश विजयवर्गीय
अहमदाबाद विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी की मौत पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पोस्ट किया, '' ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना... मेरे मित्र श्री विजय रुपाणी जी आज अनंत यात्रा पर चले गए. यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. उनका सरल, सहज व्यवहार, उनकी बातें मुझे याद आ रही हैं. मुझे यह विश्वास ही नहीं हो रहा कि वे अब हमारे बीच नहीं रहे. अचानक हुए इस वज्रपात से मन द्रवित है. दुःख की इस विकट घड़ी में संपूर्ण देश सभी शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है. ईश्वर सबको अपने श्रीचरणों में स्थान दें. ॐ शांति''
अहमदाबाद प्लेन क्रैश, 2 मिनट में सबकुछ राख
गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट उड़ान भरने के एक मिनट के अंदर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस फ्लाइट में 230 से अधिक यात्री और 12 क्रू सदस्य (2 पायलट सहित) सवार थे. विमान ने 1:39 बजे उड़ान भरी और 1 से 2 मिनट के अंदर कप्तान सुमित सभरवाल ने ‘मेडे’ (Mayday) आपातकालीन संदेश भेजा. इसके बाद विमान आग का गोला बन गया. विमान अहमदाबाद के मेघाणी नगर क्षेत्र में बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल बिल्डिंग से गिरा, जिससे वहां ट्रेनी डॉक्टर्स व रहवासी भी चपेट में आ गए. एयर इंडिया ने नई जानकारी जारी करते हुए बताया कि विमान में सवार कुल 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हुई है. एकमात्र जीवित बचे यात्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है. यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक शामिल थे. वहीं, हॉस्टल बिल्डिंग के कई डॉक्टर्स की मौत की भी खबर है. इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे, जिनकी मौत हो गई है.

धमतरी की स्वर्णिम कृषि यात्रा : आत्मनिर्भरता और समृद्धि के 25 वर्ष
कारखानों में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य जाँच में नहीं चलेगी मनमानी, श्रम मंत्री देवांगन ने दिए कड़े निर्देश
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा है जागरूकता कार्यक्रम
बाढ़ में बही पुस्तकें, टेबलेट भी हुआ खराब, पर नहीं रुकेगी पूनम की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : महिला एवं बाल विकास सचिव शम्मी आबिदी
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की