24 एवं 25 फरवरी भोपाल का नया इतिहास लिखेगी जीआईएस : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल/इन्दौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के कैपिटल सिटी भोपाल में जीआईएस का आयोजन पहली बार हो रहा है। आने वाली 24 एवं 25 फरवरी भोपाल शहर के लिए एक नया इतिहास लिखने वाली है। हम सब अतिथियों और निवेशकों के स्वागत के लिए तैयार हैं । ये सिर्फ सरकार का नहीं, हम सबका आयोजन है। इसमें सबकी भागीदारी होनी चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन के लिए चल रही व्यापक तैयारियों का मुआयना लिया। उन्होंने कहा कि निवेशक हमारे विशेष मेहमान हैं, उनके स्वागत में हम कोई भी कमी नहीं रखेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मानव संग्रहालय के सम्पूर्ण परिसर का निरीक्षण कर जीआईएस की तैयारियों का बारीकी से मुआयना किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम स्थल में आगमन से लेकर प्रस्थान तक की सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए जीआईएस परिसर में ही तैयार किए गए लाऊंज का मुआयना किया। इसके बाद कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए मुख्य सभागार (सबसे बड़े डोम) में पहुंचकर मंच, अतिथियों एवं निवेशकों के लिए बैठक व्यवस्था देखी। उन्होंने डोम में ही मंच के सामने निवेशकों के लिए आरक्षित सीटों पर स्वयं बैठकर दृश्य एवं श्रव्य व्यवस्था का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदेशों से आने वाली डेलीगेट्स के लिए अलग से बैठक व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में किसी भी तरह का तकनीकी व्यवधान न आने पाए। साउंड सिस्टम और बेहतर करें। पेयजल की भी समुचित व्यवस्था करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल की महापौर मालती राय और प्रमुख सचिव औद्योगिक निवेश एवं प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह कहा कि मानव संग्रहालय के आंतरिक परिसर का और अधिक सौन्दर्यीकरण किया जाए। यहां देर शाम तक इवेंट्स होने हैं, इसलिए पर्याप्त रौशनी, सूचना पट्टिकाएं और सुगम यातायात की व्यवस्था की जाए। किसी को भी परेशानी न हो। प्रमुख सचिव सिंह ने मानव संग्रहालय के सम्पूर्ण परिसर में जीआईएस के मद्देनजर की गई सभी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी सहित व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

धमतरी की स्वर्णिम कृषि यात्रा : आत्मनिर्भरता और समृद्धि के 25 वर्ष
कारखानों में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य जाँच में नहीं चलेगी मनमानी, श्रम मंत्री देवांगन ने दिए कड़े निर्देश
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा है जागरूकता कार्यक्रम
बाढ़ में बही पुस्तकें, टेबलेट भी हुआ खराब, पर नहीं रुकेगी पूनम की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : महिला एवं बाल विकास सचिव शम्मी आबिदी
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की