सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री विजयवर्गीय एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने इंदौर में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया
भाजपा की सरकार जनभावनाओं के साथ, अदालत के आदेश पर सरकार करा रही निष्पादन
- जनभावनाओं से न्यायालय को अवगत करायेगी प्रदेश सरकार, सही तथ्यों के साथ जनजाग्राति लायेंगे
- कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के लिए यूनियन कार्बाइड कचरे पर जनता को गुमराह कर रही
- गैस त्रासदी के लिए कांग्रेस सरकारें जिम्मेदार, भाजपा सरकार जनता के प्रति संवेदनशील-विष्णुदत्त शर्मा
- विपक्ष के भ्रामक प्रचार को लेकर जनता को हकीकत बताएं - कैलाश विजयवर्गीय
- भाजपा कार्यकर्ता जनजागरूकता अभियान चलाकर जनता का भ्रम दूर करें- हितानंद जी
इंदौर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को इंदौर संभागीय कार्यालय में संभाग के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता बैठक एवं पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के लिए यूनियन कार्बाइड कचरे को लेकर जनता को गुमराह कर रही है। गैस त्रासदी के लिए कांग्रेस की तत्कालीन सरकारें जिम्मेदार हैं। यूनियन कार्बाइड कचरे की जड़ में कांग्रेस पार्टी ही है। अदालत के आदेश पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भाजपा सरकार यूनियन कार्बाइड के कचरे का निष्पादन करा रही है। कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल कोरोना महामारी में भी भ्रम फैलाया, इसके बाद केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर भी भ्रम फैलाने की कोशिश की, अब फिर भ्रम फैला रही है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जनता को वस्तु स्थिति से अवगत कराएं और उन्हें बताएं कि इस कचरे को वैज्ञानिकों की निगरानी में निष्पादन किया जाएगा। प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पीथमपुर व आसपास की जनता को विपक्ष के भ्रामक प्रचार से बचाना होगा। जनता को कार्यकर्ता सही जानकारी देकर स्थिति बताएं। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि कोराना महामारी के समय भी कांग्रेस ने भ्रम फैलाया था। अब यूनियन कार्बाइड कचरे को लेकर भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता संवाद कर जनता को वस्तु स्थिति से अवगत कराएं।
स्वार्थ के लिए देश और प्रदेश के हितों को दांव पर लगाना कांग्रेस की पुरानी आदत- शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्स्थ के लिए देश और प्रदेश के हितों को दांव पर लगाना कांग्रेस की वर्षों पुरानी आदत है। भोपाल में गैस त्रासदी प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के कार्यकाल में हुई है। इसके बाद जो भी समस्याएं पैदा हुईं, वह केंद्र और राज्य की तत्कालीन कांग्रेस सरकारों के कारण पैदा हुई हैं। कांग्रेस ने हमेशा से राजनीतिक स्वार्थ के लिए जनता को भ्रमित करने, गुमराह करने का कार्य किया है। यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुरा में निष्पादन के मामले में भी कांग्रेस इसी तरह इंदौर, पीथमपुर और आसपास की जनता को गलत जानकारी देकर गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार इस विषय को लेकर जनता के प्रति संवेदनशील एवं संजीदा है। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने पहले ही साफ कर दिया है कि जनता के हित के विरूद्ध कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। यूनियन कार्बाइड कचरे की वैज्ञानिक जांच के बाद ही नष्ट करने के लिए इसे पीथमपुर भेजा गया है। भाजपा सरकार यह कार्य न्यायालय और वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में कर रही है।
जनता को विश्वास में लेकर की जाएगी आगे की कार्रवाई, कांगेस राजनीतिक रोटी सेंक रही
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यूनियन कार्बाइड कचरे का निष्पादन जनता की स्वीकारोक्ति और विश्वास में लेने के बाद ही किया जाएगा। कचरा जलाने को लेकर जनता की चिंताओं और भावनाओं को भी 6 जनवरी को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट के साथ अदालत के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद अदालत जो निर्देश देगी, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार जनता के साथ है। जन भावनाओं के विपरीत जाकर कोई कदम नहीं उठाएगी। जनता की सहमति जब तक नहीं मिल जाती यूनियन कार्बाइड का कचरा कंटेनरों में सुरक्षित रखा रहेगा, जैसे वर्षों तक भोपाल में सुरक्षित रखा था। पीथमपुर की घटना को लेकर कांग्रेस जिस प्रकार से राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है, वह दुर्भाग्यजनक है। कांग्रेस किसी भी तरह प्रदेश का सद्भावनापूर्ण वातावरण को बिगाड़ना चाहती है और इस बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा जनता को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। कांग्रेस जिस तरह झूठ और फरेब की राजनीति करना चाहती है, प्रदेश की जनता के बीच एक परसेप्शन बनाना चाहती है, उसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा और न ही प्रदेश का वातावरण बिगाड़ने दिया जाएगा।
पीथमपुर व आसपास की जनता गुमराह होने से बचाना होगा - कैलाश विजयवर्गीय
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुरा में निष्पादन के मामले में भी कांग्रेस इसी तरह इंदौर, पीथमपुर और आसपास की जनता को गलत जानकारी देकर गुमराह कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के भ्रामक प्रचार को रोकने के लिए जनता को हकीकत बताएं कि मध्यप्रदेश सरकार अदालतों के आदेश व निर्देश पर विशेषज्ञों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार इस विषय को लेकर जनता के प्रति संवेदनशील एवं संजीदा है। कांग्रेस किसी भी तरह प्रदेश का सद्भावनापूर्ण वातावरण को बिगाड़ना चाहती है और इस बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा जनता को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने पहले ही साफ कर दिया है कि जनता के हित के विरूद्ध कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। यूनियन कार्बाइड कचरे की वैज्ञानिक जांच के बाद ही नष्ट करने के लिए इसे पीथमपुर भेजा गया है।
पार्टी कार्यकर्ता यूनियन कार्बाइड कचरे संबंधी तथ्यपूर्ण जानकारी सोशल मीडिया पर दें-हितानंद
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के समय भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का काम कांग्रेस व विपक्षी दलों ने किया था। लेकिन हुआ क्या, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से संवाद कर, जनजागरूकता अभियान चलाकर वस्तु स्थिति जनता को बताई और बाद में प्रधानमंत्री जी के प्रयासों की वैश्विक स्तर पर सराहना की गई। भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुर में निष्पादित करने को लेकर भी विपक्षी दलों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है। भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता टोली बनाकर जनता से संवाद करेंं और अदालत के आदेश पर मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की सही जानकारी जनता को बताएं। भाजपा कार्यकर्ता जनजागरूकता अभियान के माध्यम से क्षेत्र की जनता को वस्तु स्थिति से अवगत कराएं कि भोपाल में 40 साल से कचरा सुरक्षित रखा था, कुछ नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर जनता को गुमराह करने के लिए जो दुष्प्रचार किया जा रहा है, उसका भाजपा कार्यकर्ता तथ्य पूर्ण जानकारी के साथ जवाब दें और जनता को बताएं कि पूरी प्रक्रिया अदालत के आदेश पर वैज्ञानिकों की निगरानी में की जा रही है। इस दौरान पर मंच पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सुश्री निर्मला भूरिया, श्री नागर सिंह चौहान, प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार, संभाग प्रभारी श्री राघवेन्द्र गौतम, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, जिला अध्यक्ष श्री गौरव रणदिवे सहित इंदौर संभाग के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

धमतरी की स्वर्णिम कृषि यात्रा : आत्मनिर्भरता और समृद्धि के 25 वर्ष
कारखानों में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य जाँच में नहीं चलेगी मनमानी, श्रम मंत्री देवांगन ने दिए कड़े निर्देश
बालिका सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा है जागरूकता कार्यक्रम
बाढ़ में बही पुस्तकें, टेबलेट भी हुआ खराब, पर नहीं रुकेगी पूनम की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
महिलाओं और बच्चों को मिले आंगनबाड़ी की सभी सेवाओं का लाभ : महिला एवं बाल विकास सचिव शम्मी आबिदी
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की